कार्स्ट स्थलाकृति (Karst Topography): चूना पत्थर क्षेत्रों के अद्भुत भू-रूप

क्या आपने कभी सोचा है कि प्रकृति की अदृश्य शक्तियाँ जमीन के भीतर और बाहर कैसी अद्भुत कलाकृतियाँ उकेर सकती हैं? भूगोल की दुनिया में एक ऐसी ही रहस्यमयी और आकर्षक स्थलाकृति है—कार्स्ट स्थलाकृति (Karst Topography)।जब वर्षा का जल हवा से कार्बन डाइऑक्साइड सोखकर हल्का अम्लीय हो जाता है, तो वह चूना पत्थर (Limestone) जैसी विलेय चट्टानों को धीरे-धीरे घुलाना शुरू कर देता है। इसी रासायनिक प्रक्रिया के परिणामस्वरूप धरातल पर लैपीज, घोल रंध्र और डोलाइन जैसे अनोखे रूप बनते हैं, तो जमीन के भीतर विशाल कंदराओं (Caves) का जाल बिछ जाता है।आज के इस लेख में हम विस्तार से जानेंगे कि कार्स्ट स्थलाकृतियां क्या है, इसके बनने के लिए आवश्यक परिस्थितियाँ कौन सी हैं और इसके प्रमुख अपरदनात्मक (Erosional) स्थल रूपों की क्या विशेषताएँ होती हैं। अगर आप भूगोल के विद्यार्थी हैं या प्रकृति के इन चमत्कारों को समझने में रुचि रखते हैं, तो यह पोस्ट आपके लिए बहुत उपयोगी होने वाली है।

क्या होती है Karst topography –

भूमिगत जल भी अपरदन एवं निक्षेप का एक महत्वपूर्ण कारक है। भूमिगत जल घुलन क्रिया, जलगति क्रिया, अपघर्षण, सन्निघर्षण आदि के द्वारा अपरदन का कार्य करता है । पर सबसे अधिक महत्वपूर्ण घुलन क्रिया है । घुलन क्रिया संपन्न होने के लिए जल का हल्का अम्लीय होना आवश्यक है, जो इसमें कार्बन डाइऑक्साइड के घुलने के कारण कार्बनिक अम्ल के निर्माण के कारण होता है । चूना युक्त घुलनशील चट्टानें इस क्रिया के लिए सर्वथा उपयुक्त है, जैसे – चूना पत्थर, डोलोमाइट, जिप्सम, खड़िया आदि ।

कार्स्ट स्थलाकृतियों का नामकरण पूर्व युगोस्लाविया ( वर्तमान क्रोएशिया) के पूर्वी एड्रियाटिक सागर स्थित कार्स्ट क्षेत्र के नाम पर व बाल्कन कार्स्ट क्षेत्र में उपस्थित लाइमस्टोन चट्टानों के नाम पर किया गया है । यूगोस्लाविया के अतिरिक्त यह स्थलाकृतियां दक्षिणी फ्रांस के कासेस क्षेत्र, स्पेन के अंडालूसिया, मेक्सिको के युकाटन, मध्यवर्ती फ्लोरिडा, इंग्लैंड और फ्रांस के चाॅक क्षेत्र, आल्पस पर्वतीय क्षेत्र, यू एस ए में न्यू मेक्सिको का कार्ल्सवाद क्षेत्र में प्रमुखता से मिलती है । भारत में यह हिमालय क्षेत्र ( जम्मू तथा कश्मीर ), देहरादून के पास, बिहार के रोहताश का पठार, मध्य प्रदेश में जबलपुर के निकट, छत्तीसगढ़ में बस्तर क्षेत्र एवं विशाखापट्टनम के पास मिलती है ।

मरुस्थलीय क्षेत्र में वायु से बनी स्थलाकृतियों को जानने के लिए हमारा पिछला लेख आप पढ़ सकते हैं ।

Karst topography के विकास के लिए आवश्यक दशाएं –

कार्स्ट स्थलाकृतियों के विकास के लिए आवश्यक दशाएं निम्नलिखित है –

  • चूनायुक्त घुलनशील चट्टानों की उपस्थिति, चूना पत्थर सर्वाधिक उपयुक्त ।
  • घनी, संधियों एवं भ्रंश युक्त पतले स्तर वाली चट्टानें।
  • कार्स्ट क्षेत्र में विस्तृत तथा गहरी घाटियों की उपस्थिति ।
  • पर्याप्त वर्षा की उपलब्धता ।
  • जल का प्रवाहसील होना ।

कार्स्ट स्थलाकृतियों के अपरदित स्थलरुप –

इसके अपरदित स्थल रूप निम्न है –

घोल रंध्र – यह छोटे-छोटे छिद्र होते हैं जो कार्बन डाइऑक्साइड युक्त वर्षा जल के चूने पत्थर के क्षेत्र में प्रवाहित होने पर बनते हैं । यह शंकु आकार आकृति में दिखाई देते हैं ।

विलयन रंध्र – यह घोल रंध्र का विस्तृत रूप होता है । यह इतने बड़े होते हैं कि चूना पत्थर के क्षेत्र में बहने वाली नदियों का संपूर्ण जल इसमें समाहित हो जाता है ।

डोलाइन – यह बड़े आकार की रंध्र बेलनाकार अथवा कीप आकार में पाई जाती है । इसकी आकृति पर वनस्पति का प्रभाव दिखाई देता है क्योंकि अधिक वनस्पति वाले क्षेत्रों में इसकी घाटी चौड़ी एवं छिछली होती है । यूगोस्लाविया के चूना प्रदेश में इसे डोलीनाश या डोलाइन के नाम से जाना जाता है ।

ध्वस्त रंध्र – जब डोलाइन आकृतियां एक साथ ध्वस्त हो जाती है तो इसे ध्वस्त रंध्र के रूप में जाना जाता है ।

युवाला – जब अनेक डोलाइन ध्वस्त होकर एक साथ मिल जाते हैं तो बहुत बड़े आकार के एक विस्तृत गड्ढे का निर्माण हो जाता है इसे युवाला के नाम से जाना जाता है । साधारणतः इसका व्यास एक किलोमीटर तक होता है ।

पोलजे – यह राजकुंड के नाम से भी जाना जाता है । यह युवाला से भी अधिक विस्तृत गर्त होता है । इसकी तली समतल होती है तथा दीवारें खड़ी होती है । इसका क्षेत्रफल अनेक वर्ग किलोमीटर तक होता है। पश्चिमी बाल्कन क्षेत्र का सर्वाधिक विस्तृत पोल्जे लिबनो पोल्जे है । इसकी लंबाई 64 किमी तथा चौड़ाई 5 से 11 किमी है ।

पोनार – यह भी एक बड़े आकार के किनारे वाली आकृति है और एक लंबी सुरंग नुमा होती है । चूना पत्थर के क्षेत्र में सिंक गड्ढों द्वारा जल प्रवेश होकर आंतरिक भाग में अनेक छिद्रों को मिलाकर एक कर देता है । कभी-कभी इन छिद्रों में नदियों का विकास हो जाता है । फ्रांस में इस प्रकार की आकृति को एवेन्स कहते हैं ।

गुफाएं – चूना पत्थर के क्षेत्र में वर्षा का कार्बन युक्त जल तथा भूमिगत जल गुफाओं का निर्माण करता है । जब कभी जल की घुलनशील क्रिया समाप्त हो जाती है तो गुफाओं का निर्माण कार्य भी बंद हो जाता है ।

धंसती निवेशिका – चूना पत्थर के क्षेत्र में घोल क्रिया से चट्टान पर इतने रंध्र विकसित हो जाते हैं कि समस्त भाग एक छलनी की आकृति जैसा हो जाता है । इन रंध्रों से धरातल के ऊपर का बहता जल अंदर प्रवेश कर जाता है । इन छिद्रों से नदी का भी जल नीचे चला जाता है तो उसे धंसती निवेशिका कहते हैं ।

अंधी घाटी – जब धरातल पर बहने वाली नदियां रंध्रों से प्रवेश कर जाती है तो आगे वाली शेष नदी का भाग शुष्क रहता है । इन घाटियों में वर्षा का जल कभी-कभी भर जाता है । इसलिए इस घाटी को अंधी घाटी कहते हैं ।

हम्स – चूना प्रदेश में कठोर चूना पत्थर के अवशिष्ट भाग खड़े रह जाते हैं । इन टीलों के शिखर एक शंख के रूप में दिखाई देते हैं । यह पश्चिमी द्वीप समूह में हेस्टैक एवं पेपीन्स में हिल्स तथा यूगोस्लाविया में हम्स के नाम से जाना जाता है ।

प्राकृतिक पुल – चूना पत्थर के क्षेत्र में कार्बन युक्त तथा भूमिगत जल घुलन क्रिया द्वारा विस्तृत कंदरा का निर्माण करता है । परंतु ऊपर का धरातल धंसता नहीं है जो एक प्राकृतिक पुल के रूप में दिखाई देता है । यह तब निर्मित होता है जब ऊपर कठोर चट्टान तथा नीचे चूनायुक्त चट्टान हो ।

कार्स्ट खिड़की – इसका निर्माण विलय रंध्र अथवा डोलाइन के ऊपरी भाग के नीचे की ओर धंस जाने से होता है । इसका ऊपरी भाग खुला होता है जिससे भूमिगत जल आसानी से दिखाई देता है ।

Real example of Karst topography with limestone features and rocky landscape.

कार्स्ट स्थलाकृतियों के निक्षेपणात्मक स्थल रूप –

निक्षेपण का कार्य क्षेत्र विशेष में तापक्रम की कमी, दबाव की कमी, वाष्पीकरण, रासायनिक क्रिया आदि से निर्धारित होता है । इससे बने स्थल रूप निम्नलिखित है –

स्टेलैक्टाइट – कभी-कभी धरातल का जल कंदरा में बूंद-बूंद के रूप में नीचे गिरता है । जल में घुले हुए पदार्थ की इतनी मात्रा रहती है कि वह गाढा हो जाता है तथा बूंद के रूप में रिसने लगता है और कंदरा की छत पर लटकता हुआ दिखाई देता है । यह है लटकता हुआ भाग स्टेलैक्टाइट कहलाता है ।

स्टेलैग्माइट – जब चूना युक्त जल गुफाओं की छत से टपक टपक कर गिरता है तो गुफा की धरती पर इस चूनायुक्त जल से संपूर्ण नमी का वाष्पीकरण हो जाता है और स्तंभ की आकृति में दिखाई देता है । इसे स्टेलैग्माइट कहते हैं ।

कंदरा स्तंभ – कभी-कभी स्टेलैक्टाइट का इतना अधिक विकास हो जाता है कि वह फर्श पर स्टेलेग्माइट से मिल जाता है जिससे कंदरा स्तंभ का निर्माण होता है ।

ड्रिपस्टोन – यह एक विशेष प्रकार की आकृति है । जब गुफा की छत से जल दरार के माध्यम से नीचे गिरता है तो गुफा की तली में पर्दे जैसा चूने का स्तंभ निर्मित हो जाता है । इसे ड्रिपस्टोन कहते हैं ।

इन स्थलाकृतियों के बारे में और अधिक जानने के लिए आप यह लेख पढ़ सकते हैं।

निष्कर्ष : –

अंत में, हम यह कह सकते हैं कि कार्स्ट स्थलाकृति प्रकृति की एक अद्भुत और जटिल इंजीनियरिंग का परिणाम है। चूना पत्थर के क्षेत्रों में पानी और चट्टानों के बीच होने वाली यह ‘लुका-छिपी’ न केवल सतह पर लैपीज और विलयन रंध्र जैसी अनोखी आकृतियाँ बनाती है, बल्कि धरातल के नीचे विशाल कंदराओं और भूमिगत नदियों का एक पूरा संसार भी रचती है। भूगोल के नजरिए से, इन अपरदनात्मक (Erosional) स्थल रूपों को समझना इसलिए भी आवश्यक है क्योंकि ये क्षेत्र जल संसाधनों और पारिस्थितिकी (Ecology) के लिए अत्यंत संवेदनशील होते हैं। उम्मीद है कि इस लेख के माध्यम से आपको कास्ट प्रदेशों की संरचना और उनके विकास की प्रक्रिया स्पष्ट रूप से समझ आ गई होगी।

क्या आपने कभी अपने आस-पास ऐसी कोई चूना पत्थर की गुफा या उबड़-खाबड़ चट्टानी क्षेत्र देखा है? अपने विचार कमेंट्स में ज़रूर साझा करें।

1 thought on “कार्स्ट स्थलाकृति (Karst Topography): चूना पत्थर क्षेत्रों के अद्भुत भू-रूप”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *