
आजकल की भागदौड़ भरी जिन्दगी में जहाँ हम खुद को आस-पास के शोर से अप्रभावित मानते है, लेकिन कुछ बातें ऐसी होती है जो मन के भीतर घर कर जाती है | आजकल ऐसी ही खामोश हलचल मेरे और शायद आपके अन्दर भी चल रही है | यह कोई व्यक्तिगत चिंता नहीं, बल्कि हमारे चारों ओर बदलते पर्यावरण की वो परछाई है जो हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रही है और उसे प्रभावित कर रही है | इसे ही Climate Anxiety कहा जाता है | क्या आपने भी इसे महसूस किया है ?
क्या कभी खिड़की से बाहर देखते हुए और आकाश में मंडराते बादलों को देखकर आपको आने वाले कल से डर लगा है ? क्या प्रकृति की खबरें सुनकर आप बेचैन हो जाते है ? यदि हाँ, तो आप क्लाइमेट एंग्जायटी के अनुभव से गुजर रहे हैं | यह सिर्फ मौसम का डर नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारा गहरा प्रेम और जिम्मेदारी है | तो आइये समझें कि यह भावना क्या है, यह हमें कैसे प्रभावित करती है और कैसे हम अपनी घबराहट को उम्मीद और एक्शन में बदल सकते हैं |
क्लाइमेट एंग्जायटी क्या है ?
जलवायु परिवर्तन का असर हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है | इसी वजह से हम बदलती पर्यावरणीय दशाओं को देखकर, आने वाली पीढ़ी के भविष्य को लेकर चिंतित हो जाते हैं | यह चिंता अक्सर युवाओं में ज्यादा देखी जाती है | इसमें युवा भविष्य की अनिश्चितता, भय, तनाव, उदासी, लाचारी आदि भावनाओं को महसूस करते हैं | यह कोई बीमारी नहीं है | यह तो हमारी प्रकृति के बदलते रूपों और आने वाले खतरों को लेकर एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया है | इस भावना को अक्सर मौसम बदलने पर ज्यादा महसूस किया जाता है | मौसम का बदलता रूप हमें डरा देता है कि क्या हमारा आने वाला कल सुरक्षित होगा | विकास के नाम पर जिस प्रकार प्रकृति को नुकसान पहुँचाया जा रहा है, क्या प्रकृति उसका बदला नहीं लेगी | जलवायु में आया यह भयानक परिवर्तन ही प्रकृति का बदला है, जो हमें भयभीत कर रहा है | यह डर किसी एक देश या क्षेत्र तक सिमटा नहीं है, बल्कि दुनिया भर के लोगों में व्याप्त है | इसे सभी के द्वारा महसूस किया जा रहा है | इसलिए यह एक व्यक्तिगत समस्या न होकर वैश्विक समस्या बनती जा रही है |
क्लाइमेट एंग्जायटी क्यों बढ़ रही है ?
क्लाइमेट एंग्जायटी बढ़ने के पीछे कई कारण है | इन सभी कारणों को हम अपनी आँखों से देख पा रहे हैं, चाहे वह हमारे सामने हो या सोशल मीडिया पर देख रहे हो | लेकिन यह चिंता व डर को बढ़ा रहा है | आइये जानते हैं इन सभी कारणों के बारे में –
- चरम मौसम कि घटनाओं में वृद्धि – हर वर्ष बाढ़, सूखा, जंगल की आग जैसी घटनाएँ बढती जा रही है | जिनसे हुए जान – माल के नुकसान को देखकर चिंता बढ़ जाती है |
- जलवायु परिवर्तन के प्रभावों की सीधी समझ – तापमान में वृद्धि, ग्लेशियर का पिघलना, समुद्री जल स्तर बढ़ना आदि घटनाओं को हम सीधे तौर पर महसूस कर रहे हैं, जो हमारी परेशानियों को और ज्यादा बढ़ा रहे हैं |
- मीडिया और सोशल मीडिया का प्रभाव – हम मीडिया और सोशल मीडिया के जरिये क्लाइमेट चेंज से जुडी ख़बरों, तस्वीरों को पढ़ते और देखते हैं | सोशल मीडिया से विश्व के किसी भी क्षेत्र में आई मौसमी तबाही को देखकर डर बढ़ जाता है |
- सरकारी और कॉर्पोरेट निष्क्रियता – क्लाइमेट चेंज जैसी बड़ी घटना से निपटने के लिये भी सरकार या किसी बड़ी संस्था द्वारा कोई प्रभावकारी कदम नहीं उठाया जाता | जिससे निराशा और हताशा की भावनाएं आती है |
- भविष्य के प्रति डर – जलवायु परिवर्तन के कारण लोग ( खासकर युवा ) अपने भविष्य को लेकर अनिश्चित हो जाते हैं | उन्हें लगता है कि आने वाला कल सुरक्षित भी होगा या नहीं | कहीं आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के और भी भयानक रूप का सामना तो नहीं करना होगा |
- पीढ़ीगत जिम्मेदारी और अपराधबोध – युवाओं को लगता है कि पुरानी पीढ़ी पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने के लिये जिम्मेदार है और हम आने वाली पीढ़ियों के लिये एक सुरक्षित भविष्य नहीं छोडकर जाने वाले | यह अपराधबोध भी चिंता का कारण है |
- मानसिक स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव – बढ़ता तापमान, नींद में कमी और बेचैनी को बढ़ाता है | एक सुरक्षित कल की चिंता मन को अशांत कर देती है | जिससे अकेलापन व आपराधिक घटनाओं के भी बढ़ने की संभावना रहती है |

प्रकृति की खूबसूरती निहारता लड़का
किसे ज्यादा होती है क्लाइमेट एंग्जायटी ?
क्लाइमेट एंग्जायटी वैसे तो युवाओं में ज्यादा होती है क्योंकि युवा उदासी, लाचारी आदि भावनाओं को ज्यादा महसूस करते हैं, लेकिन यह निम्न व मध्यम वर्ग में भी देखने को मिलती है | वृद्ध व उच्च वर्ग को इससे कम प्रभावित माना जाता है |
- युवाओं पर क्लाइमेट एंग्जायटी का प्रभाव ज्यादा होता है | वे भविष्य की सुरक्षा, डर,उदासी, शक्तिहीनता आदि भावनाओं से ज्यादा प्रभावित होते हैं |
- जलवायु से सीधे प्रभावित समुदाय – वे लोग जो अपनी आजीविका के लिये प्रकृति पर ज्यादा निर्भर होते हैं, वे भी इससे ज्यादा प्रभावित होते हैं | साथ ही वे लोग जो नदी या समुद्र के किनारे और पहाड़ों में रहते हैं वे भी इससे अछूते नहीं हैं | इनमें वे लोग भी आते हैं जो जंगल की आग और बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावित हुए हैं |
- कुछ अध्ययनों से पता लगा है कि पुरुषों के मुकाबले महिलाएं क्लाइमेट एंग्जायटी से ज्यादा प्रभावित होती है | कुछ अध्ययन तो यहाँ तक कहते हैं कि महिलाओं में बच्चे न पैदा करने कि चाहत भी इसी का परिणाम है |
- भविष्य के बारे में ज्यादा सोचने वाले और पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग भी इससे ज्यादा प्रभावित होते हैं |
क्लाइमेट एंग्जायटी के लक्षण क्या है ?
क्लाइमेट एंग्जायटी कोई बीमारी नहीं बल्कि एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया है | लेकिन अगर यह दैनिक जीवन में बाधा डालने लगे तब मुश्किल बढ़ जाती है |क्लाइमेट एंग्जायटी के लक्षणों में कई भावनात्मक, मानसिक, शारीरिक व व्यवहार में बदलाव जैसे लक्षण शामिल हैं, जो इस प्रकार हैं –
- मानसिक और भावनात्मक लक्षण – हम स्थिति को सुधारने के लिये कुछ नहीं कर सकते यह सोचकर बेबसी और निराशा होना, आने वाली पीढ़ियों और धरती के अस्तित्व को लेकर गहरी चिंता होना, अपनी जीवनशैली के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने का दोषी महसूस करना, उन लोगों या सरकारों के प्रति गुस्सा जो इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं कर रहे, पर्यावरण के विनाश और खोई हुयी प्रजातियों के लिये दुःख आदि |
- शारीरिक लक्षण – नींद न आना या बेचैनी होना , सीने में जकड़न, तेज दिल की धड़कन, साँस फूलना या घबराहट होना, तनाव के कारण भूख में कमी या पाचन शक्ति का कमजोर होना आदि |
- व्यवहार में बदलाव – काम या पढाई में मन न लगना और ध्यान केन्द्रित न कर पाना, पर्यावरण कि ख़बरों या चर्चाओं से दूर भागना ताकि चिंता ना हो, पर्यावरण के मुद्दों को लेकर बहुत ज्यादा जुनूनी हो जाना या अति – सक्रियता दिखाना आदि |
क्लाइमेट एंग्जायटी से निपटने के उपाय –
- डर, गुस्सा, निराशा व उदासी जैसी भावनाएं इस गंभीर वैश्विक संकट के प्रति सामान्य व तर्कसंगत प्रतिक्रियाएं हैं | इन्हे दबाने के बजाय समझें और स्वीकार करें |
- परिवार, दोस्तों या समान विचारधारा के लोगों से विचार साझा करें, जिससे अकेलापन नहीं होगा |
- कार्रवाई की शुरुआत खुद से और छोटे – छोटे क़दमों से करें | जैसे -पौधारोपण, ऊर्जा बचाना, रीसाइक्लिंग, बिजली -पानी का सदुपयोग व बचाव करना |
- अकेले के बजाय समूह में कार्य करना ज्यादा अच्छा होता है | इसलिए ऐसे समूहों और संगठनों में शामिल हों जो पर्यावरण के लिये कार्य कर रहे हों |
- मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखें |
- प्रकृति में समय बिताएं |
- सोशल मीडिया का ज्यादा उपयोग ना करें |
- स्वस्थ आदतें अपनाएं, जैसे – व्यायाम, योग, अच्छा खान – पान आदि |
- अगर समस्या गंभीर हो तो पेशेवर (थेरेपिस्ट ) मदद लें |
- बच्चों और युवाओं को समझाएं, उनके साथ समय बिताएं, साथ में पौधारोपण करें |

निष्कर्ष :- डर से बदलाव की ओर
अंत में, मैं बस यही कहना चाहती हूँ कि क्लाइमेट एंग्जायटी कोई कमजोरी नहीं है| यह इस बात का प्रमाण है कि आप इस धरती से प्यार करते हैं और आपके अन्दर एक संवेदनशील दिल धड़कता है | हम अक्सर पूर्णता की तलाश में कुछ भी नहीं करते, लेकिन याद रखिये, धरती को मुठ्ठीभर ‘परफेक्ट ‘ लोगों की जरुरत नहीं है, बल्कि करोड़ों ऐसे लोगों की जरुरत है जो छोटे – छोटे पर ईमानदार प्रयास कर सकें |
अपनी शांति को अपनी ताकत बनाएं | एक पौधा लगाना, प्लास्टिक का उपयोग कम करना, या सिर्फ इस विषय पर अपनों से बात करना भी एक बड़ी शुरुआत है | अंधेरा चाहे कितना भी गहरा हो, एक छोटा सा दीया भी उसे चुनौती देने के लिये काफी होता है | आइये, हम सब मिलकर वह दीया बनें |
” भविष्य अभी लिखा जाना बाकी है और उसकी कलम हमारे हाथों में है | “
क्या आपने भी कभी पर्यावरण को लेकर ऐसा ही महसूस किया है ? आप अपनी इस चिंता को कैसे दूर करते हैं ?
नीचे कॉमेंट्स में अपने विचार साझा करें, मैं आपकी बातें पढ़ना और आपसे सीखना चाहूंगी |
ABOUT ME :-
नमस्ते ! मेरा नाम रितु है | भूगोल ( GEOGRAPHY ) में स्नातकोत्तर ( M.A. ) होने के नाते, मेरा प्रकृति और पर्यावरण से गहरा जुड़ाव रहा है | इस ब्लॉग के माध्यम से मेरा उद्देश्य पर्यावरण शिक्षा ( Environmental Education ) को सरल बनाना और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना है | यहाँ में अपने शैक्षणिक ज्ञान और शोध को आपके साथ साझा करती हूँ, ताकि हम मिलकर एक सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ सकें |

Very good and informative post
There are not many people who care about nature nowadays but here you are writing your first blog about nature and explaining it’s changes that causing both present and future generations. You have explained everything so well here and gave all the points that needed to be understood if someone really want to do something for this rapidly increasing problem.
So, Well done and keep moving forward.😍😍😍😍😍😍😍
The article raises an important issue by highlighting climate anxiety as a real emotional response to climate change, especially among young people. However, the discussion remains largely descriptive and would benefit from stronger scientific backing, such as references to psychological research or data. The causes are explained well, but the solutions section feels limited and could include practical coping strategies for students facing academic and career uncertainty due to climate change. Overall, it is a useful awareness piece, but deeper analysis and evidence would make it more impactful for student readers.
Thank you so much for the kind words and for your suggestion. I will definitely keep it in mind.